नोएडा पुलिस ने लूट का किया सफल अनावरण, दो आरोपी गिरफ्तार, 6 लाख रुपये बरामद

नोएडा / जीएन न्यूज, संवाददाता।

नोएडा: कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने थाना सेक्टर-113 और सर्विलांस सेल नोएडा के संयुक्त प्रयास से लूट की एक घटना का सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के 6 लाख रुपये नकद, दो लैपटॉप, दो मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल किए गए दो वाहन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोमल सिंह यादव (30 वर्ष), निवासी कानपुर नगर और आरूष त्रिपाठी (33 वर्ष), निवासी कानपुर नगर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके साथियों दीपांशु और शोभित ने उन्हें अश्विन और रजत के पास फ्लैट पर रखे नकदी के बारे में जानकारी दी थी। योजना बनाकर, दीपांशु, शोभित, कोमल, आरूष और उनके अन्य साथियों गौरव और उत्कर्ष ने 18/19 अप्रैल की रात को इस घटना को अंजाम दिया।
आरोपियों ने अश्विन और रजत को शराब पीने के बहाने गाड़ी में बैठाया और फिर उन्हें घेरकर खुद को पुलिसकर्मी बताकर धमकाया। उन्होंने पीड़ितों से मारपीट की और हथियार के बल पर पैसे मांगे। आरोपियों ने अश्विन के फ्लैट से 7.5 लाख रुपये नकद लूट लिए और उनके खातों से 11 लाख 20 हजार रुपये अपने साथियों के खातों में ट्रांसफर करा लिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने तीन लैपटॉप, चार मोबाइल फोन, रजत की सोने की चेन और अंगूठी भी लूट ली।
गिरफ्तार आरोपी कोमल और आरूष को लूटे गए माल में से 3-3 लाख रुपये नकद, एक-एक लैपटॉप और एक-एक आईफोन मिला था। पुलिस उनके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
 

Others Related News