10 लाख करोड़ का नुकसान... अमेरिका में मंदी की चिंता के चलते शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 2,400 अंक गिरा

नई दिल्ली: विदेशी बाजारों से मिल रहे कमजोर संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार में आज बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 2,400 अंकों की गिरावट के साथ खुला और निफ्टी में भी 500 अंकों से अधिक की कमी आई है। एचसीएल टेक और टाइटन जैसे प्रमुख शेयरों में नौ फीसदी से अधिक की गिरावट आई है। अमेरिका में मंदी की आशंका और मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव ने निवेशकों में चिंता पैदा कर दी है, जिसके कारण वैश्विक शेयर बाजारों में भी भारी गिरावट आई है। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स लगभग तीन प्रतिशत गिरावट के साथ 78,580.46 अंक पर आ गया, जबकि निफ्टी 50 भी करीब दो प्रतिशत की कमी के साथ 24,277.60 अंक पर पहुंच गया। हेवीवेट शेयरों में बिकवाली के कारण निफ्टी 24,300 अंक से नीचे चला गया। इस गिरावट के चलते बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 10.24 लाख करोड़ रुपये घटकर 446.92 लाख करोड़ रुपये रह गया है। निफ्टी 20 दिन की मूविंग एवरेज से नीचे चला गया, जो पिछले दो महीनों में इसकी एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट है। निफ्टी बैंक भी 50 दिन की मूविंग एवरेज से नीचे आ गया है। सभी प्रमुख सेक्टोरल इंडेक्स में गिरावट देखी जा रही है और स्मॉल और मिडकैप स्टॉक्स में विशेष रूप से अधिक गिरावट आई है।

ब्रॉडर मार्केट्स में निफ्टी मिडकैप 100 और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में क्रमश: 2.3 फीसदी और 2.5 फीसदी की गिरावट देखी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था में सॉफ्ट लेंडिंग की उम्मीद अब कम हो गई है। जुलाई में रोजगार सृजन में कमी आई है और बेरोजगारी दर बढ़कर 4.3 फीसदी हो गई है। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण भी निवेशकों में चिंता बनी हुई है। सुबह के समय जापान के बाजारों में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले सत्र में सेंसेक्स 885.6 अंक यानी 1.08 फीसदी की गिरावट के साथ 80,982 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 50 भी 293 अंक यानी 1.17 फीसदी की कमी के साथ 24,717 अंक पर आ गया था।

Others Related News