रतन टाटा का 86 वर्ष की आयु में निधन: उनका पार्थिव शरीर नरीमन पॉइंट पर पहुंच गया, जहां आज शाम 4 बजे तक अंतिम दर्शन किए जा सकेंगे।

ग्रेटर नोएडा ( जीएन न्यूज़, संवाददाता ) ।
रतन नवल टाटा का 86 वर्ष की आयु में निधन  
टाटा संस के मानद चेयरमैन रतन नवल टाटा का निधन 86 वर्ष की आयु में हो गया। उन्होंने बुधवार रात करीब 11 बजे अंतिम सांस ली। वे मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल की इंटेसिव केयर यूनिट (ICU) में भर्ती थे और उम्र संबंधित बीमारियों से परेशान थे।

पार्थिव शरीर एनसीपीए में रखा गया  
टाटा का पार्थिव शरीर नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स (NCPA) में रखा गया है। यहां लोग शाम 4 बजे तक अंतिम दर्शन कर सकते हैं। शाम को उनके अंतिम संस्कार को राजकीय सम्मान के साथ संपन्न किया जाएगा।

हर्ष गोयनका ने दी निधन की सूचना  
टाटा के निधन की जानकारी सबसे पहले उद्योगपति हर्ष गोयनका ने दी। उन्होंने रात 11:24 बजे सोशल मीडिया पर लिखा, “घड़ी की टिक-टिक बंद हो गई। टाइटन नहीं रहे। रतन टाटा ईमानदारी, नैतिक नेतृत्व और परोपकार के प्रतीक थे।”

रतन टाटा की स्वास्थ्य स्थिति  
पद्म विभूषण और पद्म भूषण से सम्मानित रतन टाटा को 7 अक्टूबर को भी ICU में भर्ती किए जाने की खबर आई थी। हालांकि, उन्होंने इसका खंडन करते हुए कहा था कि वे ठीक हैं और रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल गए थे।

Others Related News