आपसी विवाद में चली गोली: तिगड़ी गोलचक्कर के पास युवक के पैर में लगी गोली, हुआ घायल


ग्रेटर नोएडा/नोएडा ( जीएन न्यूज, संवाददाता ) ।

 सेंट्रल नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में सोमवार रात को एक आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक को गोली लगने से वह घायल हो गया। घटना तिगड़ी गोलचक्कर के पास हुई, जहां दो परिचितों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक युवक को पिस्टल से फायर कर दिया गया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
क्या है मामला?
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7 बजे लव कुमार और सचिन नामक दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। ये दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे। झगड़े के दौरान, आरोपी सचिन ने कथित तौर पर अपने साथियों के साथ मिलकर लव कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी।
विवाद के दौरान, जब लव कुमार के साथी गौरव ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो सचिन ने गुस्से में आकर उस पर पिस्टल से गोली चला दी। गोली गौरव के पैर में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल गौरव को लव कुमार के साथ उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने बताया कि गौरव और लव कुमार दोनों का उपचार चल रहा है और उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।
बिसरख थाना प्रभारी मनोज सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घायल पक्ष की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी सचिन और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और विवाद के असली कारणों की जांच भी कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
 

Others Related News