सांसद-विधायक खेल महाकुंभ का भव्य आगाज़, डॉ. महेश शर्मा ने किया उद्घाटन
- Nov-04-2025
 
ग्रेटर नोएडा ( जीएन न्यूज, संवाददाता ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मिट्टी से मंडल तक' के संकल्प और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के 'खेलो उत्तर प्रदेश, खेलो भारत' की भावना को आगे बढ़ाते हुए आज गौतमबुद्धनगर जिले में सांसद व विधायक खेल महाकुंभ का भव्य उद्घाटन किया गया। यह आयोजन जेवर विधानसभा क्षेत्र के रबूपुरा स्थित रामोत्सव स्टेडियम में किया गया।
इस खेल महाकुंभ का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. महेश शर्मा ने किया। उनके साथ जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा भी मंच पर उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में जेवर विधानसभा क्षेत्र के बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। खेल प्रतियोगिताओं के सफल समापन पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. महेश शर्मा ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करने की प्रेरणा मिलेगी।" उन्होंने आगे कहा कि खेलकूद से शारीरिक व्यायाम होता है, जिससे शारीरिक और मानसिक विकास संभव होता है। यह महाकुंभ खिलाड़ियों को जिला, प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का मार्ग प्रशस्त करेगा।
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि बच्चे देश की नींव होते हैं, और उनके शारीरिक तथा मानसिक विकास के लिए खेलना बहुत जरूरी है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसी खेल प्रतियोगिताएं बच्चों को प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेंगी, जिससे खेल जगत में भी उनका सम्मान बढ़ेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने इस आयोजन को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की खेल नीति का विस्तार बताया। उन्होंने कहा कि यह 'खेल महाकुंभ' हमारे शीर्ष नेतृत्व के विजन को ज़मीनी स्तर पर उतार रहा है।
इस अवसर पर जिला मंत्री विकास चौधरी, युवा मोर्चा अध्यक्ष राज नागर, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, सांसद प्रतिनिधि सतपाल तालान, संजय बली, सुनील रावत, रविन्द्र शर्मा, अशोक शर्मा, अर्पित तिवारी, गजेन्द्र वाल्मीकि, धर्मेन्द्र भाटी सहित सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया।