पेरिस ओलंपिक में 117 एथलीट और 140 सपोर्ट स्टाफ होंगे शामिल, IOA ने जारी की सूची
- Jul-17-2024
नई दिल्ली - खेल मंत्रालय ने पेरिस ओलंपिक के लिए अंतिम भारतीय दल को मंजूरी दे दी है। इस बार भारत से 117 एथलीट और 140 सपोर्ट स्टाफ यूरोप जाएंगे। इनमें से 72 सहायक कर्मचारियों को सरकारी खर्चे पर भेजा जाएगा। हालांकि, शॉटपुट खिलाड़ी आभा कठुआ का नाम इस सूची में शामिल नहीं है।
भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने एथलीट और सपोर्ट स्टाफ की सूची जारी कर दी है। इसमें एथलेटिक्स टीम के 29 सदस्य शामिल हैं, जिसमें 11 महिलाएं और 18 पुरुष हैं। शूटिंग टीम में 21 सदस्य और हॉकी टीम में 19 सदस्य होंगे। इसके अलावा, अन्य खेलों के एथलीट भी इस दल का हिस्सा हैं।
खेल मंत्रालय ने IOA की अध्यक्ष पीटी उषा को लिखे पत्र में बताया कि पेरिस ओलंपिक आयोजन समिति के मानदंडों के अनुसार खेल गांव में सहायक कर्मियों के रहने की सीमा 67 है, जिसमें 11 IOA दल के अधिकारी और 5 मेडिकल टीम के सदस्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, खिलाड़ियों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए 72 अतिरिक्त सहायक कर्मचारियों को सरकार के खर्च पर मंजूरी दी गई है और उनके ठहरने की व्यवस्था खेल गांव के बाहर होटल में की गई है।
2020 टोक्यो ओलंपिक में भारत ने 119 सदस्यीय दल भेजा था और नीरज चोपड़ा के ऐतिहासिक स्वर्ण सहित सात पदक जीते थे। इस बार भी भारत पेरिस ओलंपिक में अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद कर रहा है।