जारचा पुलिस ने डबल मर्डर के मुख्य आरोपियों मनोज नागर और प्रिंस को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया
- Nov-13-2025
ग्रेटर नोएडा ( जीएन न्यूज, संवाददाता ) ।
ग्रेटर नोएडा की जारचा पुलिस ने डबल मर्डर के मुख्य आरोपियों मनोज नागर और प्रिंस को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया है। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई एक काली थार गाड़ी, दो .30 बोर की देसी पिस्टल, दो खाली कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस ने मनोज नागर पुत्र रणवीर और प्रिंस पुत्र बिरजू उर्फ ब्रजपाल को कस्टडी रिमांड पर लिया था। 12 नवंबर, 2025 को इनकी निशानदेही पर महिंद्रा थार (काले रंग की) और दो .30 बोर की पिस्टल, साथ ही दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
यह घटना दीपावली के दिन 20 अक्टूबर को जारचा थाना क्षेत्र के ग्राम सैंथली में हुई थी। नाली के पानी को लेकर हुए विवाद में अजयपाल और दीपांशु की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
मामले की जांच के लिए पुलिस की छह टीमें गठित की गई थीं। पुलिस को चकमा देते हुए आरोपी प्रिंस ने बुलंदशहर कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। इसके दो दिन बाद मनोज ने भी गाजियाबाद कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। एक अन्य बदमाश ने अलीगढ़ कोर्ट में सरेंडर किया था। पुलिस ने इस मामले में कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने कोर्ट से आरोपियों की कस्टडी रिमांड मांगी थी। रिमांड के दौरान ही उनसे पूछताछ की गई और उनकी निशानदेही पर थार गाड़ी और असलहे बरामद किए गए। आरोपी मनोज नागर का लंबा आपराधिक इतिहास है, उस पर एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।