गौतमबुद्धनगर में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान, 40 वाहन सीज और 2 गिरफ्तार
- Jul-07-2025
ग्रेटर नोएडा ( जीएन न्यूज, संवाददाता ) ।
नोएडा पुलिस ने जून 2025 के महीने में जनपद में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ एक सप्ताहव्यापी विशेष अभियान चलाया गया। 21 जून 2025 से शुरू हुए इस अभियान में नोएडा, सेंट्रल नोएडा और ग्रेटर नोएडा तीनों ज़ोन में सघन कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप कुल 40 वाहनों को सीज किया गया और 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
नोएडा ज़ोन में कार्रवाई:
अभियान के दौरान नोएडा ज़ोन में कुल 5 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। थाना सेक्टर-39 ने एक ट्रक को और थाना सेक्टर-126 ने चार हाईवा वाहनों को बालू और रेत से ओवरलोड पाए जाने पर धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया।
सेंट्रल नोएडा ज़ोन में कार्रवाई:
सेंट्रल नोएडा ज़ोन में कुल 6 वाहनों को सीज किया गया और अवैध खनन से संबंधित 1 मुकदमा दर्ज किया गया। थाना बिसरख ने तीन ट्रक, थाना बादलपुर ने एक हाईवा और थाना सेक्टर-142 ने दो डम्पर वाहनों को ओवरलोडिंग की स्थिति में पाए जाने पर धारा 207 एम.वी. एक्ट के तहत सीज किया।
ग्रेटर नोएडा ज़ोन में बड़ी कार्रवाई:
ग्रेटर नोएडा ज़ोन में सबसे अधिक कार्रवाई हुई, जहाँ कुल 2 मुकदमे दर्ज किए गए, 2 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए और 29 वाहनों को सीज किया गया। थाना बीटा-2 ने दो डम्पर सीज किए। थाना नॉलेज पार्क ने एक मुकदमा दर्ज कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया और दो डम्पर व चार ट्रक सीज किए। थाना दादरी, जारचा और दनकौर ने क्रमशः दो, दो और पाँच ट्रैक्टर-ट्रॉली और चार हाईवा वाहनों को सीज किया। थाना कासना ने तीन हाईवा सीज किए। थाना ईकोटेक-1 ने एक मुकदमा दर्ज कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और दो हाईवा वाहन सीज किए। इसके अतिरिक्त, थाना खुरपुरा ने अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध एक मुकदमा दर्ज कर दो डम्पर वाहनों को सीज किया।
संपूर्ण अभियान का सार:
इस पूरे अभियान के दौरान, गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में कुल 3 मुकदमे दर्ज किए गए, 2 अभियुक्त गिरफ्तार हुए और 40 वाहनों को ओवरलोडिंग व अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने पर धारा 207 एम.वी. एक्ट के तहत सीज किया गया।