दिल्ली को मिली नई मुख्यमंत्री, रेखा गुप्ता आज लेंगी शपथ

दिल्ली में मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस खत्म हो गया है। भाजपा ने रेखा गुप्ता को विधायक दल का नेता चुना है, और आज वे दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगी। उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना दोपहर 12:35 बजे उन्हें और उनकी मंत्रिपरिषद को शपथ दिलाएंगे।

रामलीला मैदान में बधाइयों का सिलसिला

शपथ ग्रहण से पहले, रेखा गुप्ता ने रामलीला मैदान में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों से मुलाकात की। भाजपा नेता प्रवेश साहिब सिंह ने भी उन्हें बधाई दी और वे आज उनकी मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ लेंगे।

भव्य समारोह में बॉलीवुड और संतों की मौजूदगी

शपथ ग्रहण समारोह में राजनीतिक हस्तियों के अलावा बॉलीवुड से भी कुछ मशहूर हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। साथ ही साधु-संतों को भी आमंत्रित किया गया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एसपीजी, अर्द्धसैनिक बलों और दिल्ली पुलिस की कड़ी निगरानी में बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है।

भाजपा नेताओं की प्रतिक्रियाएं

भाजपा विधायक प्रवेश वर्मा ने कहा, "दिल्ली की जनता ने हमें प्यार और आशीर्वाद दिया। 27 साल बाद भाजपा की सरकार बनने जा रही है। पीएम मोदी के नेतृत्व में हम दिल्ली को दुनिया की सबसे सुंदर राजधानी बनाएंगे। जनता का आभार, जिन्होंने 48 सीटें जीताकर हमें सरकार बनाने का मौका दिया। हमने जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करेंगे।"

रेखा गुप्ता के बेटे निकुंज ने कहा, "यह गर्व का क्षण है कि एक महिला मुख्यमंत्री बनी हैं। हमें विश्वास है कि वे अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाएंगी। उनके 30 साल की मेहनत सफल हुई। पार्टी और पीएम मोदी का धन्यवाद।"

भाजपा सांसद डॉ. के. लक्ष्मण ने कहा, "डबल इंजन सरकार बनने से जनता खुश है। केजरीवाल सरकार को हटाकर दिल्ली को विकसित बनाने का काम शुरू हो चुका है। 'आम आदमी' के नाम पर जनता को गुमराह किया गया था, लेकिन अब पीएम मोदी के नेतृत्व में दिल्ली नई ऊंचाइयों को छुएगी।"

Others Related News