दिल्ली में भाजपा की वापसी: रेखा गुप्ता बनीं मुख्यमंत्री, प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल को दी शिकस्त

दिल्ली में भाजपा ने 27 साल बाद सत्ता में वापसी की है। आज रेखा गुप्ता दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। उनके साथ छह अन्य मंत्री भी शपथ लेंगे। भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने नई दिल्ली विधानसभा सीट से अरविंद केजरीवाल को हराकर बड़ी जीत दर्ज की। कैबिनेट में प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, पंकज सिंह, मनजिंदर सिरसा, कपिल मिश्रा और रविंद्र इंद्राज मंत्री बनाए गए हैं।

राजनीतिक विरासत से सियासी सफर तक: प्रवेश वर्मा का उदय

प्रवेश वर्मा का जन्म 7 नवंबर 1977 को एक राजनीतिक परिवार में हुआ। उनके पिता साहिब सिंह वर्मा भाजपा के दिग्गज नेताओं में गिने जाते थे और दिल्ली के मुख्यमंत्री भी रह चुके थे। राजनीति में प्रवेश की रुचि उनके पिता के प्रभाव से बढ़ी। उनके चाचा आजाद सिंह उत्तर दिल्ली नगर निगम के मेयर रह चुके हैं।

प्रवेश वर्मा ने अपनी शुरुआती शिक्षा दिल्ली पब्लिक स्कूल, आरके पुरम से प्राप्त की और किरोड़ी मल कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक किया। इसके बाद उन्होंने फोर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से एमबीए की डिग्री हासिल की।

राजनीति में प्रवेश वर्मा की एंट्री और सफर

2013 में प्रवेश वर्मा ने भाजपा के टिकट पर महरौली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता योगानंद शास्त्री को हराया। हालांकि, उनका विधानसभा कार्यकाल लंबा नहीं चला और भाजपा ने उन्हें 2014 में पश्चिम दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव लड़वाया, जहां उन्होंने आम आदमी पार्टी के जरनैल सिंह और कांग्रेस के महाबल मिश्रा को हराकर जीत दर्ज की।

सांसद के रूप में वे कई संसदीय समितियों के सदस्य रहे, जिनमें सांसदों की तनख्वाह और भत्तों की संयुक्त समिति तथा शहरी विकास मामलों की स्थायी समिति शामिल थीं। 2019 में उन्होंने फिर से पश्चिम दिल्ली लोकसभा सीट से महाबल मिश्रा को भारी मतों से हराया और दिल्ली में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड बनाया।

2025 में नई दिल्ली सीट से ऐतिहासिक जीत

भाजपा ने 2024 लोकसभा चुनाव में प्रवेश वर्मा को टिकट नहीं दिया, लेकिन 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में उन्हें नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ उतारा। उन्होंने इस चुनौती को स्वीकार किया और शानदार जीत हासिल की। उनकी जीत ने भाजपा को दिल्ली की सत्ता में वापसी दिलाई और आम आदमी पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा।

Others Related News