नोएडा पुलिस ने महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष अभियान चलाया, किया जागरूक
- Sep-01-2025
ग्रेटर नोएडा ( जीएन न्यूज, संवाददाता ) : गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के मार्गदर्शन में, महिला बीट अधिकारियों की टीम ने आज विभिन्न क्षेत्रों में जाकर महिलाओं और बच्चियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। यह अभियान कमिश्नरेट के अलग-अलग थानों में चलाया गया, जिसमें पुलिस टीम ने स्कूल, कॉलेज, गांव, सोसायटियों, लेबर कॉलोनियों और बाजारों का दौरा किया। टीम ने वहां मौजूद महिलाओं और बच्चियों से सीधे बातचीत की और उन्हें महिला सशक्तिकरण अभियान, उनके खिलाफ होने वाले अपराधों और उनसे बचाव के तरीकों के बारे में जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित महसूस कराना और उन्हें यह समझाना है कि वे किसी भी अपराध को चुपचाप बर्दाश्त न करें, बल्कि तुरंत पुलिस की मदद लें। इस दौरान सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं, जैसे मिशन शक्ति, शुभ मंगल योजना और साइबर सुरक्षा के बारे में भी बताया गया।
महिला सुरक्षा टीम ने सभी उपस्थित महिलाओं को मिशन शक्ति के पैम्फलेट बांटे और महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें महिला हेल्पलाइन (1090), मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1076), साइबर हेल्पलाइन (1930), आपातकालीन सेवा (112), चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) और वन स्टॉप सेंटर (181) शामिल हैं।
पुलिस ने महिलाओं को समझाया कि किसी भी समस्या या परेशानी के लिए इन नंबरों पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है, जिससे उन्हें बिना किसी देरी के सहायता मिल सके। पुलिस कमिश्नरेट का यह कदम महिलाओं को सशक्त बनाने और समाज में उनके लिए एक सुरक्षित वातावरण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।