गौतमबुद्ध नगर कांग्रेस ने मनाई गांधी-शास्त्री जयंती, 'जय जवान-जय किसान' के आदर्शों को किया याद
- Oct-03-2025
ग्रेटर नोएडा, जीएन न्यूज, संवाददाता ।
जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती कृतज्ञता के साथ मनाई। कार्यकर्ताओं ने दोनों महान नेताओं के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने देश के इन नायकों को नमन करते हुए कहा कि आज पूरा देश उनके महान जीवन और आदर्शों को स्मरण कर रहा है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जी ने सत्य, अहिंसा और सादगी के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी और पूरी दुनिया को मानवता और शांति का संदेश दिया।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी और कर्मठता से भारतीय राजनीति में एक आदर्श स्थापित किया। उनका कालजयी नारा "जय जवान, जय किसान" आज भी हर भारतीय के दिलों में गूंजता है और देश की मजबूती तथा आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। अध्यक्ष ने कहा कि इन दोनों महापुरुषों के विचार आज के समय में हमारे मार्गदर्शक हैं, जब समाज और राजनीति दोनों को नैतिकता एवं त्याग की आवश्यकता है।
पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के चेयरमैन महाराज सिंह नागर ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने सत्य और अहिंसा को अपना हथियार बनाकर आजादी की लड़ाई को जन-आंदोलन का रूप दिया। अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला चेयरमैन धर्म सिंह वाल्मीकि ने सभी कार्यकर्ताओं से इन महापुरुषों के विचारों को जीवन में आत्मसात करने और देश की एकता एवं प्रगति में भागीदार बनने की अपील की। कांग्रेस मीडिया पैनेलिस्ट दुष्यंत नागर ने कहा कि महात्मा गांधी एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक गाथा हैं।
कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष व संगठन प्रभारी मुकेश शर्मा ने किया। इस अवसर पर विजय नागर, कपिल भाटी, श्रुति कुमारी, रमेश यादव, हरेन्द्र शर्मा, तनवीर अहमद, सुबोध भट्ट समेत बड़ी संख्या में अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।